• Wed. Aug 5th, 2026

    बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ पर सख्ती, टीन शेड में संचालित विद्यालय बंद

    Share

    जौनपुर। करंजकला विकास खंड क्षेत्र में शिक्षा विभाग ने नियमों के विरुद्ध संचालित एक निजी विद्यालय पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे बंद करा दिया। खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार यादव के नेतृत्व में हुई इस कार्यवाही के दौरान एस.आर.पी.एस. नरौली इंग्लिश मीडियम स्कूल को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
    जानकारी के अनुसार, विद्यालय लंबे समय से निर्धारित मानकों के विपरीत टीन शेड में संचालित किया जा रहा था। इससे न केवल शासन द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन हो रहा था, बल्कि छात्रों की शिक्षा की गुणवत्ता और उनके भविष्य के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा था।
    बताया गया कि खंड शिक्षा अधिकारी ने पूर्व में विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी कर आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने एवं कमियों को दूर करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद विद्यालय प्रबंधन ने नोटिस का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और न ही निर्धारित मानकों का पालन किया।
    बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार यादव ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पूर्व में बताई गई कमियां यथावत मिलने तथा शासन के निर्देशों की अनदेखी पाए जाने पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए विद्यालय को बंद कराने का आदेश दिया।कार्यवाही के दौरान विभागीय अधिकारियों ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की।
    खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। किसी भी विद्यालय को नियमों की अनदेखी कर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे विद्यालयों के विरुद्ध आगे भी अभियान चलाकर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
    इस कार्यवाही के बाद क्षेत्र के अन्य निजी विद्यालय संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति है। शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करने तथा सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी करने की चेतावनी दी है।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *