• Thu. Aug 6th, 2026

    कमांडर मनोज चौधरी की पुस्तक ‘मरीन ड्राइव-मुंबई का दिल’ का विमोचन

    Share

    मुंबई। साहित्य,इतिहास और मुंबई की सांस्कृतिक विरासत को समर्पित एक गरिमामय समारोह में आर.के. पब्लिकेशन,मुंबई द्वारा प्रकाशित तथा कमांडर मनोज चौधरी द्वारा लिखित पुस्तक ‘मरीन ड्राइव : मुंबई का दिल’ का विमोचन समारोह रविवार 2 अगस्त 2026 को पुलिस जिमखाना, मरीन ड्राइव के भव्य सभागार में आयोजित किया गया। उक्त पुस्तक का विमोचन प्रोफेसर दयानंद तिवारी,कमांडर सुलक्षण कुमार शर्मा,पुलिस उप अधीक्षक संजय गोविलकर, पत्रकार विवेक अग्रवाल, लेखक नितिन सालुंखे और आर के पब्लिकेशन के निदेशक रामकुमार के हाथों सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने पुस्तक का लोकार्पण करते हुए कहा कि मरीन ड्राइव केवल मुंबई का एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि इस महानगर की आत्मा,संस्कृति, संघर्ष, संवेदनाओं और सपनों का जीवंत प्रतीक है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह कृति केवल मुंबईवासियों के लिए ही नहीं,बल्कि देश-विदेश के उन सभी पाठकों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी जो मुंबई के इतिहास, संस्कृति और जीवन-दर्शन को जानना चाहते हैं। आज के समय में ऐसी पुस्तकों की आवश्यकता है, जो किसी शहर को केवल भौगोलिक दृष्टि से नहीं, बल्कि उसकी आत्मा, संस्कृति और मानवीय संबंधों के माध्यम से प्रस्तुत करे। ‘मरीन ड्राइव : मुंबई का दिल’ इस उद्देश्य को सफलतापूर्वक पूरा करती है। पुस्तक के लेखक कमांडर मनोज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय नौसेना में सेवा के दौरान उन्हें मुंबई को निकट से देखने और समझने का अवसर मिला।उसी अनुभव,शोध और संवेदनाओं का परिणाम यह पुस्तक है।कार्यक्रम में मुंबई पुलिस की कांस्टेबल काजल चौहान को विशिष्ट सेवा सम्मान दिया गया, जिन्होंने मरीन ड्राइव पर समुद्र में गिरी महिला को बचाने के लिए वर्दी पहनकर कूद गयीं थी। साथ ही मरीन ड्राइव के सफाईकर्मी सायलो को विशेष स्वच्छता सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार राजेश विक्रांत ने और अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापन रामकुमार ने किया।कार्यक्रम में कमांडर पुष्पा पांडेय, संजय तिवारी, कमांडर विपिन झा, शायर शिवदत्त अक्स,लेफ्टिनेंट कमांडर विशाल प्रीतम, बेनू चौधरी, विनीत चौधरी, कैप्टन मुकेश कुमार गुप्ता, सर्जन कैप्टन डॉ सामंत राय मोहंती, संजय सिंह, शराफत खान, रवि यादव, संजय रोकड़े, विनोद चतुर्वेदी, अर्चना राय, अनाहिता तारापोर, ताराचंद मकसाने, कमर हाजीपुरी, डॉ अलका अग्रवाल सिगतिया, जगदीश पुरोहित, शामी इरफान,नितिन केदारे, सुरेश द्वारिकानाथ मिश्रा, प्रभाशंकर, नवजोत कौर,पंडित मुस्तफा आरिफ सहित कई साहित्यकारों, शिक्षाविदों, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों,सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा पुस्तक प्रेमियों ने सहभागिता कर आयोजन को यादगार बना दिया। यह आयोजन साहित्य, संस्कृति और मुंबई की गौरवशाली पहचान को समर्पित एक अविस्मरणीय अवसर बन गया,जिसकी सभी उपस्थितजनों ने मुक्त कंठ से सराहना की।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *