जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शनिवार को थाना शाहगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, विभिन्न अभिलेखों, शस्त्रागार, हवालात, मालखाना एवं पूरे थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का विस्तार से निरीक्षण किया। एसएसपी ने अभिलेखों के रख-रखाव में पारदर्शिता और अद्यतन स्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली और उपलब्ध संसाधनों की भी समीक्षा की। उन्होंने थाना परिसर में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाया जाए।
इसके उपरांत उन्होंने सर्किल शाहगंज के क्षेत्राधिकारी सहित सभी थानाध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
एसएसपी ने ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत सक्रिय अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों की हिस्ट्रीशीट खोली जाए, उनके खिलाफ गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और जिला बदर की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही कुख्यात अपराधियों को माफिया घोषित कर उनके गैंग का डीसीआरबी में पंजीकरण कराने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पुलिस पूरी सख्ती के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखेगी।


