• Sat. Jun 6th, 2026

    संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

    Share

    तीन बच्चों की मां थी रोशनी बानो, मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस जुटी जांच में

    बरसठी | थाना क्षेत्र के बनकट (टिकरी) गांव में शनिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मायके पक्ष में कोहराम मच गया।
    गांव निवासी रोशनी बानो (25) पत्नी सुबराती का शव शनिवार सुबह घर के कमरे में फंदे से लटका मिला।जानकारी होते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतका का मायका प्रयागराज जनपद के सरायममरेज थाना क्षेत्र के मिथुपुर गांव में है। उसकी शादी वर्ष 2020 में सुबराती के साथ हुई थी। रोशनी बानो अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है। बड़ी पुत्री राबिया (4), दूसरी पुत्री समीरा (3) तथा पुत्र अजान (1) वर्ष का है। ग्रामीणों के अनुसार मृतका परिवार से अलग रह रही थी, जबकि उसका पति मुंबई में रहकर नौकरी करता है। घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार अमित कुमार भी मौके पर पहुंचे। विवाह के सात वर्ष के भीतर महिला की मौत होने के कारण मजिस्ट्रेटी जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
    मृतका की मां मौसमी बेगम निवासी मिथुपुर ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि शादी के बाद से उनकी पुत्री को पति सुबाराती, जेठ, सास, ननद तथा अन्य परिजन प्रताड़ित करते थे। तहरीर में कहा गया है कि कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई थी। आरोप है कि घटना के एक दिन पहले भी रोशनी बानो ने फोन कर अपने साथ हो रहे उत्पीड़न की जानकारी दी थी। मौसमी बेगम ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री की हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। तहरीर में मृतका के शरीर पर चोट के निशान होने का भी उल्लेख किया गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed