जौनपुर। जनपद के ग्राम मोहिद्दीनपुर, पोस्ट कोड्डा, विकास खण्ड धर्मापुर निवासी राम मूरत यादव के सुपौत्र और सुदामा देवी एवं राजेन्द्र प्रसाद यादव के सुपुत्र शिवकुमार यादव का उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से क्षेत्रीय अभिलेख अधिकारी, संस्कृति विभाग के पद पर चयन हुआ है। उल्लेखनीय है कि इस भर्ती में मात्र एक पद पर सफलता प्राप्त कर उन्होंने जनपद जौनपुर का गौरव बढ़ाया है। ज्ञात हो कि शिवकुमार यादव ने स्नातक एवं परास्नातक की शिक्षा काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी से प्राप्त की एवं वर्तमान में गुरु घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के इतिहास विभाग में कार्यरत प्रोफेसर घनश्याम दुबे के निर्देशन में “महात्मा गाॅंधी का असहयोग आन्दोलन एवं उसका विस्तार (1920–1950)” विषय पर शोध कार्य कर रहे हैं। शोधार्थी अश्वनी तिवारी ने मीडिया को जानकारी दिया कि इससे पूर्व शिवकुमार यादव उत्तर प्रदेश पुलिस,इसरो बेंगलुरु में हिन्दी टाइपिस्ट तथा उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग, लखनऊ में सहायक अभिलेखाधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
पारिवारिक पृष्ठभूमि भी शिक्षा एवं उपलब्धियों से समृद्ध रही है। उनके बड़े भाई राजकुमार यादव ने अपने छोटे भाई को पढाने के लिए अपनी पढाई छोड़कर व्यवसाय कर रहे हैं। बड़ी बहन रंजू यादव ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय से संस्कृत विषय में स्नातक तथा जेएनयू, नई दिल्ली से परास्नातक की उपाधि प्राप्त की है और वर्तमान में महात्मा गाॅंधी केन्द्रीय विश्वविद्यालय मोतीहारी, बिहार से पी-एच.डी. कर रही हैं। वहीं छोटी बहन करिश्मा यादव ने भी काशी हिंदू विश्वविद्यालय से परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है।शिवकुमार की धर्मपत्नी पूनम यादव सीतापुर में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत है तथा इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग से पीएचडी कर रही है | उनकी इस उपलब्धि पर परिवारजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी।


