• Tue. Jul 14th, 2026

    कर एवं करेत्तर कार्यों की समीक्षा, राजस्व वसूली में लापरवाही पर डीएम सख्त

    Share

    जौनपुर, 14 जुलाई। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्टाम्प एवं पंजीयन, आबकारी, विद्युत, खनन, परिवहन, मंडी समिति, मत्स्य तथा नगर निकायों सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित राजस्व लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बकायेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई कर वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग की प्रगति पर असंतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई तथा मत्स्य पट्टों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने को कहा।

    संभागीय परिवहन अधिकारी को स्कूल वाहनों का नियमित निरीक्षण कर सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने, फिटनेस, गति सीमा और सुरक्षा उपकरणों की जांच कराने तथा डग्गामार वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। नगर निकायों को खुले में शौच की पुनरावृत्ति रोकने, नदी घाटों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई, सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान चलाने तथा प्रतिदिन सुबह विशेष सफाई अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।

    इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग को मिड-डे मील में वितरित किए जा रहे दूध की नियमित गुणवत्ता जांच कराने तथा लोक निर्माण विभाग को सड़कों के गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ठ, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, नगर मजिस्ट्रेट इन्द्र नंदन सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *