जौनपुर, 14 जुलाई। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन तथा रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण कराया जाए तथा प्रत्येक आरआरसी का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए गांवों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) स्थिति को स्थायी बनाए रखने के लिए खंड विकास अधिकारियों एवं सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को प्रतिदिन सुबह-शाम निगरानी कराने और ग्रामीणों को शौचालयों के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। सामुदायिक शौचालयों में नियमित साफ-सफाई, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ वहां “अपने बाद आने वाले दूसरे व्यक्ति के लिए शौचालय साफ रखें” संदेश अंकित कराने को भी कहा।
बैठक में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, सामुदायिक शौचालयों की स्थिति, अंत्येष्टि स्थलों तथा आरआरसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए धीमी प्रगति वाले विकास खंडों में कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ भारत मिशन के सभी लक्ष्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, वरिष्ठ कोषाधिकारी उमाशंकर, बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


