रामपुर | जौनपुर
रामपुर विकास खंड के सिधवन गांव निवासी राम कुमार मिश्र का चयन बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
राम कुमार मिश्र, रामाशंकर मिश्र के पुत्र हैं। उन्होंने कठिन परिश्रम, लगन और निरंतर प्रयास के बल पर यह सफलता हासिल की है। उनके बड़े पिता दयाशंकर मिश्र उर्फ नन्हेलाल मिश्र ने बताया कि राम कुमार ने अपने बड़े भाई एवं सीजीपीसीएस अधिकारी रुद्रेश मिश्र से प्रेरणा लेकर प्रशासनिक सेवा की तैयारी शुरू की थी। अनुशासित अध्ययन और दृढ़ संकल्प के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
राम कुमार के एसडीएम पद पर चयन की सूचना मिलते ही सिधवन गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे शिक्षकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से उन्हें बधाई देते हुए कहा कि साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर प्रशासनिक सेवा में सफलता प्राप्त करना युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।

