बरसठी | सामाजिक कार्यकर्ता जज सिंह अन्ना ने क्षेत्र के जयरामपुर गांव स्तिथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में चिकित्सकीय व अन्य कर्मचारियों की तैनाती कर अस्पताल का नियमित संचालन शुरू कराने की मांग को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अस्पताल में चिकित्सक, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, वार्ड बॉय और चौकीदार की नियुक्ति के साथ आवश्यक चिकित्सा उपकरण व बेड उपलब्ध कराने की मांग की। अन्ना ने ज्ञापन में कहा कि करीब 20 वर्षों तक विवादों में रहने के बाद अस्पताल भवन की मरम्मत हो चुकी है और वह संचालन के लिए तैयार है, लेकिन स्टाफ के अभाव में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं हो सकी हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में एक छोटे कमरे से संचालित पीएचसी को बंद कर वहां तैनात कर्मचारियों का स्थानांतरण कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, सीएमओ की अनुपस्थिति में डिप्टी सीएमओ को भी ज्ञापन सौंपा गया। अन्ना ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर पीएचसी का नियमित संचालन शुरू नहीं कराया गया तो जनहित में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
जयरामपुर पीएचसी में स्टाफ तैनाती की मांग, डीएम को ज्ञापन

