जौनपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के तहत गुरुवार को पुलिस लाइन जौनपुर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतिसार निरीक्षक दीन दयाल दीक्षित ने की। इस अवसर पर योग प्रशिक्षक अर्जुन सिंह एवं सुजाता कुमारी ने पुलिस कर्मियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

योग सत्र के दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, दंडासन, वक्रासन, उत्तान मंडूकासन, शशकासन, मकरासन, शलभासन, भुजंगासन तथा सेतुबंधासन का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही कपालभाति, नाड़ी शोधन, भ्रामरी एवं उद्गीत प्राणायाम तथा ध्यान का भी अभ्यास कराया गया।

योग प्रशिक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है, तनाव कम होता है तथा कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस कर्मियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास में भाग लिया।







