जौनपुर। जनपद के सिरकोनी विकासखंड की ग्राम पंचायत कादीपुर में विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान के तहत चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक डॉ. हरेन्द्र सिंह ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान पूर्व विधायक ने ग्रामीणों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ लेने के लिए तहसील या ब्लॉक के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से गांव-गांव चौपाल आयोजित की जा रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। पूर्व विधायक ने एक-एक कर सभी की शिकायतें सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों का रैंडम सर्वे भी कराया गया। पात्र पाए गए लोगों का मौके पर ही पंजीकरण कराया गया। वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया गया।
ग्रामीणों ने पेयजल संकट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। कई मजरों में हैंडपंप खराब होने तथा पाइपलाइन नहीं पहुंचने की शिकायत की गई। इस पर डॉ. हरेन्द्र सिंह ने जल निगम के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चौपाल में ग्राम प्रधान, लेखपाल, पंचायत सचिव, जल निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पूर्व विधायक ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा ग्रामीणों से जागरूक रहकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

