• Tue. Jul 7th, 2026

    बरसठी में मारपीट, रास्ता विवाद और दहेज उत्पीड़न के मामलों में पुलिस की कार्रवाई

    Barasathi
    Share

    अलग-अलग घटनाओं में कई लोगों पर मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

    बरसठी (जौनपुर)। बरसठी थाना क्षेत्र में रास्ते के विवाद, मारपीट और दहेज उत्पीड़न से जुड़े चार अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि सभी मामलों में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    रास्ते के विवाद में दोनों पक्षों के बीच मारपीट, कई घायल

    थाना क्षेत्र के मनीपुर गांव में रास्ते को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए।

    भगवानपुर गांव निवासी ओम प्रकाश ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर जबरन रास्ता बनाया जा रहा था। विरोध करने पर लालचंद, उमेश, विनोद, अखिलेश, राहुल, लालमन और जितेंद्र ने मारपीट की। उनके अनुसार ईंट लगने से जगरनाथ के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि विराट के पैर में चोट लगी। उन्होंने सोना देवी और आरती पर भी ईंट चलाने का आरोप लगाया।

    वहीं दूसरे पक्ष के उमेश गौतम ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि पुराने विवाद को लेकर नखड़ू, आशीष, विशाल, सुमित, हर्सु, जगरनाथ, अमित, अवनीश और रवि ने मारपीट कर उमेश, अखिलेश, विनोद तथा आशा शकुंतला को घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर अलग-अलग मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    युवक को रास्ते में रोककर पीटा, दो नामजद पर मुकदमा

    पपरावन गांव में रास्ते से गुजर रहे एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गांव निवासी शमशाद अली ने आरोप लगाया कि सोमवार शाम वह अपने घर के पीछे जा रहे थे, तभी गांव के टिंजू सिंह और कर्मवीर सिंह उर्फ मंटू ने उन्हें रोककर हाथ-पैर और डंडों से मारपीट की।

    पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके कपड़े भी फाड़ दिए। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी दादी को भी धक्का देकर गिरा दिया गया और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट का आरोप

    हंसियां (घटमापुर) गांव में दहेज उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता रंजना देवी ने आरोप लगाया कि 14 जून 2025 को उनकी शादी आशीष कुमार के साथ हुई थी। शादी में नकद रुपये और जेवर देने के बावजूद ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करता रहा।

    पीड़िता के अनुसार चार जुलाई की रात पति ने डंडे और हाथ-पैर से मारपीट कर घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। सूचना पर डायल-112 पुलिस भी पहुंची। इसके बाद भी जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने पति आशीष कुमार, सास सुनीता और ससुर राजेंद्र उर्फ जग्गू के खिलाफ बीएनएस की धाराओं तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

    टकटैया गांव में रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप, 11 नामजद

    टकटैया (बारीगांव डीह) गांव में रास्ते के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल 11 नामजद लोगों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं।

    पहले पक्ष के सूरज कुमार ने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष ने रास्ते पर पानी भरकर आवागमन बाधित कर दिया और बाद में रास्ते पर लकड़ी व फट्टा रखकर खूंटा गाड़ने का प्रयास किया। विरोध करने पर संदीप, दिलीप, महेश, ओमप्रकाश, सोनी और अंजली ने लाठी-डंडा, सरिया और फावड़े से हमला कर दिया। इस घटना में मनोरमा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि शेषमणि, सरिता, आकाश, अजय, आनंद और अतुल को भी चोटें आईं।

    दूसरे पक्ष के संदीप कुमार गौतम ने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष उनकी आबादी की जमीन से जबरन रास्ता निकालने का प्रयास कर रहा था। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत पहले भी प्रशासन से की गई थी और निर्माण कार्य रुकवाया गया था। इसके बावजूद पांच जुलाई की शाम आनंद उर्फ नीरज, सूरज, शेषमणि, अजय और आकाश उनके घर में घुस आए और मारपीट की। इस घटना में महेश कुमार, ओमप्रकाश, इंद्रावती देवी तथा गर्भवती सोनी कुमारी घायल हो गईं। उन्होंने मोबाइल छीनने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।

    पुलिस बोली- निष्पक्ष जांच के बाद होगी कार्रवाई

    थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि सभी मामलों में संबंधित पक्षों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *