जौनपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में अग्निशमन (फायर सेफ्टी) व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी विद्यालयों में लगे अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) की तत्काल जांच कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने को कहा है।
बीएसए ने निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों के फायर एक्सटिंग्विशर की वैधता (एक्सपायरी) समाप्त हो चुकी है, उन्हें बिना विलंब रिफिल कराया जाए या आवश्यकतानुसार नए अग्निशमन यंत्र उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। समय पर अग्निशमन उपकरणों को कार्यशील बनाए रखने से आगजनी जैसी आपात स्थितियों में प्रभावी ढंग से बचाव किया जा सकेगा और संभावित जनहानि एवं दुर्घटनाओं से बचा जा सकेगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

