• Fri. Jun 12th, 2026

    बरसठी में पुरानी रंजिश, वीडियो वायरल और चोरी के मामलों में चार मुकदमे दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार

    Barasathi
    Share

    बरसठी, जौनपुर। थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जबकि चोरी के एक मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।

    पुरानी रंजिश में टिनशेड तोड़ने का आरोप, चार नामजद

    थाना क्षेत्र के पपरावन (परानीतारा) गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गांव निवासी विनोद कुमार यादव की तहरीर के अनुसार पड़ोसी विकास यादव, सुरेंद्र यादव, शनि यादव और हर्ष यादव ने गाली-गलौज करते हुए उनके घर के सामने लगा टिनशेड तोड़ दिया तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 352, 351(3) और 324(4) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    स्नान का वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप, चार पर मुकदमा

    खड़ंवा गांव में एक युवती का स्नान करते समय वीडियो बनाकर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिवम धीवर की तहरीर पर अंशु पटेल, शुभम पटेल, सचिन पटेल और करन पटेल के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(2), 352 तथा आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने अभद्रता, मारपीट और धमकी भी दी।

    सिंचाई मशीन चोरी मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

    घाटमपुर गांव में खेत में लगी सिंचाई मशीन की बैटरी और अन्य सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी साहबलाल गौतम को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की एक बैटरी भी बरामद हुई है। राहुल सिंह की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में दूसरे आरोपी सचिन यादव की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।

    शादी का दबाव बनाकर धमकाने पर केस दर्ज

    सहाबपुर गांव की एक युवती की तहरीर पर प्रयागराज जिले के करछना निवासी रवि यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। युवती का आरोप है कि आरोपी शादी का दबाव बना रहा था और इनकार करने पर फोटो वायरल करने तथा विभिन्न मोबाइल नंबरों से फोन कर धमकाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने बीएनएस की धारा 352 और 351(3) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed