• Fri. Jun 12th, 2026

    40 घंटे बाद हुआ अजय सिंह का अंतिम संस्कार, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के आश्वासन पर माने परिजन

    Share

    बक्शा, जौनपुर। कौली गांव में ग्राम समाज की भूमि को लेकर हुई हत्या के मामले में मृतक अजय सिंह के शव का अंतिम संस्कार घटना के लगभग 40 घंटे बाद शुक्रवार को संपन्न हुआ। परिजनों के अंत्येष्टि के लिए तैयार होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।

    बताया जाता है कि पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर मृतक की पत्नी शशिबाला सिंह ने आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई तथा विवादित ग्राम समाज की भूमि पर बने मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया था। प्रशासनिक अधिकारियों के लगातार प्रयासों के बावजूद परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।

    गुरुवार देर रात मृतक के घर पहुंचे पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने अस्पताल में उपचाररत मृतक के पुत्र आकृति सिंह के इलाज और शिक्षा का खर्च वहन करने का आश्वासन दिया तथा प्रशासनिक अधिकारियों से भी वार्ता की।

    शुक्रवार सुबह महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने मृतक की पत्नी और बड़े भाई रमेश सिंह को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मामले के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

    मौके पर मौजूद सदर एसडीएम योगिता सिंह और सीओ सदर देवेश सिंह ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि विवादित ग्राम समाज की भूमि का राजस्व विभाग द्वारा चिन्हांकन कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

    इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए और अजय सिंह का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। इस दौरान भाजपा नेता सतीश सिंह, श्यामराज सिंह, वीरेन्द्र सिंह, प्रधान अभिषेक सिंह, जयशंकर पाल, शिवश्याम सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed