• Mon. Aug 10th, 2026
    Share

    स्पीड ट्रैकर वाहन से यातायात पुलिस करेगी निगरानी

    जौनपुर। अगर आप सड़कों पर निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चला रहे हैं, तो अब सतर्क हो जाइए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगाम कसने के लिए यातायात पुलिस ने स्पीड ट्रैकर वाहन की मदद से कार्रवाई शुरू कर दी है। अब निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलते ही सिस्टम स्वतः ई-चालान जारी करेगा, जो सीधे वाहन स्वामी के पते पर पहुंच जाएगा।
    यातायात विभाग ने विभिन्न श्रेणियों के वाहनों के लिए गति सीमा निर्धारित कर दी है। नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में दोपहिया वाहनों की अधिकतम गति 60 किमी प्रति घंटा, चारपहिया वाहनों की 60 से 70 किमी प्रति घंटा तथा मालवाहक एवं भारी वाहनों की अधिकतम गति 60 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है।
    वहीं फोरलेन मार्गों पर दोपहिया वाहनों के लिए 80 किमी प्रति घंटा, चारपहिया वाहनों के लिए 100 किमी प्रति घंटा तथा मालवाहक एवं भारी वाहनों के लिए 80 किमी प्रति घंटा की अधिकतम गति तय की गई है। इससे अधिक गति पर वाहन चलाने पर स्पीड ट्रैकर वाहन स्वतः चालान जारी कर देगा। यातायात निरीक्षक मनोज पाण्डेय ने बताया कि जिले में तेज रफ्तार के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन्हीं दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षित एवं अनुशासित ढंग से वाहन चलाने के लिए स्पीड ट्रैकर प्रणाली लागू की गई है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का सम्मान करते हुए सुरक्षित यात्रा करें।
    इस दौरान यातायात विभाग के उपनिरीक्षक सुनील तिवारी, अजीत कुमार, जुल्फिकार अली, हरेंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, संजय कुमार, रूपेश सिंह, अमित यादव, सुधीर, सुभाष, विपिन सरोज, प्रमोद कुमार, अनिल पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *