जौनपुर। शहर की ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित धार्मिक संस्था अंजुमन-ए-असगरिया, पुरानी बाज़ार की नई कार्यकारिणी के गठन हेतु आयोजित बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का चयन किया गया तथा संगठन की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि अंजुमन-ए-असगरिया का इतिहास सैकड़ों वर्षों पुराना है। यह संस्था जौनपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अपनी अनुशासित अज़ादारी, नौहाख्वानी और धार्मिक सेवाओं के लिए विशेष पहचान रखती है। संगठन से जुड़े कई नामचीन शायरों और नौहाख्वानों ने कर्बला के शहीदों और अहलेबैत अलैहिस्सलाम की शान में यादगार नौहे और अशआर पेश किए हैं, जो आज भी अकीदतमंदों के बीच लोकप्रिय हैं।
बैठक के दौरान वरिष्ठ सदस्यों ने संगठन में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। इस अवसर पर पूर्व खजांची आरिफ अब्बास, पूर्व सदर नौशाद अली (मिंटू), वज़ीर हसन, नामदार हुसैन, अच्छे भाई तथा दिवंगत पदाधिकारियों और नौहाख्वानों के योगदान को बहुत याद आयेगा
नई कार्यकारिणी में सैय्यद एजाज़ अली (शादाब) को सदर, तौकीर हसन (सिंटू) को सेक्रेटरी चुना गया। वहीं सैय्यद नजमुल हसन (पप्पू) और मोहम्मद सलमान को नायब सदर, ताज मोहम्मद एवं रौशन अली को नायब सेक्रेटरी की जिम्मेदारी सौंपी गई। खजांची पद पर राजन, आसिफ मेहदी और मोहम्मद यूसुफ का चयन किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन और दुआएं संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होंगी।
पदाधिकारियों ने कहा कि माहे मोहर्रम के दौरान अंजुमन-ए-असगरिया की ओर से अज़ादारी का सिलसिला पूरे जोश, अनुशासन और अकीदत के साथ जारी रहेगा। मोहल्ले के लोगों के सहयोग से आयोजित होने वाले सभी धार्मिक कार्यक्रमों में संस्था सक्रिय भागीदारी निभाएगी तथा इमाम हुसैन (अ.) के पैगाम को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि इमाम हुसैन (अ.) की अज़ादारी उनके लिए इबादत और सौभाग्य का विषय है। अहलेबैत अलैहिस्सलाम की मोहब्बत को अपनी सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए उन्होंने जीवनभर अज़ादारी की सेवा करने का संकल्प दोहराया।
अंजुमन ए असगरिया पुरानी बाज़ार की नई कार्यकारिणी गठित, मोहर्रम में बेहतर अज़ादारी का लिया संकल्प

