
जौनपुर। विकास खंड रामपुर की ग्राम पंचायत पट्टीकीरत राय स्थित अटल आवासीय परिसर (वनवासी बस्ती) में सोमवार को रात्रि जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर.के. पटेल, ब्लॉक प्रमुख राहुल सिंह, जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, पूर्व विधायक सुषमा पटेल, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं जनपद प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लोगों को आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि गांव में पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के पात्र लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, पूर्व विधायक सुषमा पटेल तथा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने भी केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए ग्रामीणों से उनका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया, पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत दो लाभार्थियों को ई-रिक्शा वितरित किए। इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास योजना, श्रम कार्ड, अंत्योदय राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, पीएम सूर्यघर योजना समेत विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने आश्वस्त किया कि जो पात्र व्यक्ति अभी तक किसी योजना से वंचित हैं, उन्हें शीघ्र ही लाभान्वित किया जाएगा। वहीं मुख्य विकास अधिकारी ने विकास खंड रामपुर को आईएसओ प्रमाणन मिलने पर बधाई देते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किया।

इस अवसर पर जिला मंत्री स्कंद पटेल, के.पी. मिश्रा, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






