बरसठी | क्षेत्रीय सपा विधायक डॉ. रागनी सोनकर ने शुक्रवार को निगोह बाजार से गोधना तक वर्षों से जर्जर पड़े बहुप्रतीक्षित मार्ग के निर्माण कार्य का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन एवं शिलापट्ट लोकार्पण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, व्यापारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भूमि पूजन के बाद आयोजित जनसभा में विधायक ने सड़क निर्माण, क्षेत्रीय विकास, स्वास्थ्य सेवाओं एवं संगठनात्मक मजबूती सहित कई मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
विधायक डॉ. रागनी सोनकर ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2022 से लेकर 2026 तक वे लगातार क्षेत्र के लोगों से जुड़ी रही हैं और सुख-दुख में उनकी भागीदारी निभाती रही हैं। उन्होंने कहा कि मछलीशहर की जनता ने एक युवा महिला डॉक्टर पर भरोसा जताकर उन्हें विधानसभा तक पहुंचाया, जिसके लिए वे आभार प्रकट करती हैं।
सभा में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने समाजवाद का वास्तविक अर्थ मानवता के रूप में बताया। उन्होंने समाजवादी पार्टी की विचारधारा को जनहित और समानता पर आधारित बताया।
सड़क निर्माण को लेकर विधायक ने बताया कि यह परियोजना लगभग 11 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से लगभग साढ़े सात किलोमीटर लंबी सड़क के रूप में बन रही है, जो रामपुर बाजार से होते हुए गोधना तक जाएगी। उन्होंने कहा कि कई बार स्वीकृति के बावजूद इसे बाधित करने के प्रयास हुए, लेकिन जनता के सहयोग से यह कार्य शुरू हो सका।
उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के प्रति सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही स्थानीय लोगों से भी निर्माण कार्य की निगरानी में सहयोग करने की अपील की।
विधायक ने स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कहा कि मछलीशहर सीएचसी में नेत्र अस्पताल, डायलिसिस सेंटर और कीमोथेरेपी सुविधा शुरू करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे गंभीर मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि समाजवादी संगठन हमेशा “श्रीकृष्ण की तरह सारथी बनकर रथ को सही दिशा देने का कार्य करता है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से पीडीए के संदेश को और मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन सूर्यभान यादव ने किया। इस दौरान पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व प्रमुख, प्रधान, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


