• Sat. Jul 18th, 2026

    खुटहन ब्लॉक की बैठक में गांवों के विकास के लिए चार करोड़ रुपये का प्रस्ताव

    Share

    खुटहन (जौनपुर), 18 जुलाई। विकास खंड मुख्यालय के सभागार में शनिवार को ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से लगभग चार करोड़ रुपये का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को विस्तार से दी गई।

    बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव ने कहा कि सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास, किसानों के सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि दूरदराज के गांवों तक बिजली, पेयजल, सड़क, आवास, शौचालय, खाद्यान्न और पेंशन जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

    उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्यों को आश्वस्त किया कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। गांवों से प्राप्त विकास प्रस्तावों के अनुरूप अधिक से अधिक धनराशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से पूरे हो सकें।

    बैठक में बतौर विशिष्ट अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र उपाध्याय ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

    बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) सुरेश यादव ने आंगनबाड़ी केंद्रों में वितरित किए जाने वाले पोषाहार की उपयोगिता और पौष्टिकता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में आंगनबाड़ी केंद्र की आवश्यकता है, वहां से प्रस्ताव उपलब्ध कराए जाएं ताकि नए केंद्र स्थापित किए जा सकें।

    बैठक में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रभान और मनीष दूबे ने भी विभागीय योजनाओं एवं पशुपालन से संबंधित जानकारी साझा की। वहीं खंड विकास अधिकारी नीरज जायसवाल ने पूर्व में कराए गए विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट सदन के समक्ष प्रस्तुत की।

    कार्यक्रम का संचालन एडीओ पंचायत अजय मिश्रा ने किया। बैठक में संतलाल सोनी, रामकुमार उपाध्याय, बिपिन सिंह, राना यादव, सुरेंद्र विश्वकर्मा, छोटेलाल, चंदन सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

    Trim trim ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *