जौनपुर। महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत थाना पवारा पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद का काउंसलिंग के माध्यम से सफल निस्तारण कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पवारा के नेतृत्व में रविवार को थाना पवारा स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर दोनों पक्षों को बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खरुआवा निवासी आराधना तिवारी एवं कृष्ण कुमार तिवारी के बीच वैवाहिक मतभेद चल रहे थे। मिशन शक्ति टीम ने दोनों पक्षों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा आपसी संवाद, समझदारी और पारिवारिक सौहार्द बनाए रखने के लिए विस्तृत काउंसलिंग की।
काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से अपने मतभेद समाप्त करते हुए सुलह-समझौता कर लिया और भविष्य में सौहार्दपूर्ण वातावरण में साथ रहने का संकल्प व्यक्त किया।
इस कार्रवाई में मिशन शक्ति टीम के कांस्टेबल नरेश कुमार एवं महिला कांस्टेबल डॉली वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए इस प्रकार की पहल लगातार जारी रहेगी।

