• Tue. Jun 16th, 2026

    कोतवाली हनुमान मंदिर में सुंदरकांड व भंडारे का आयोजन, राज्यमंत्री गिरीश यादव ने किया प्रसाद वितरण व वृक्षारोपण

    Share

    जौनपुर, 16 जून 2026। ज्येष्ठ माह के सातवें मंगलवार के पावन अवसर पर कोतवाली चौराहा स्थित हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ, आरती एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चंद्र यादव ने मंदिर परिसर में पहुंचकर कार्यक्रम में सहभाग किया तथा प्रसाद वितरण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।

    कार्यक्रम का शुभारंभ विद्वान पंडित रजनीकांत द्विवेदी द्वारा विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ सुंदरकांड पाठ से किया गया। इसके पश्चात राज्यमंत्री ने भगवान हनुमान की आरती उतारी और भंडारे में प्रसाद का भोग लगाकर वितरण की शुरुआत की। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ पंक्तिबद्ध होकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण भी किया।

    इस अवसर पर राज्यमंत्री गिरीश यादव ने मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ज्येष्ठ माह के मंगलवार बजरंगबली की आराधना के लिए अत्यंत पावन माने जाते हैं और ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सेवा, समर्पण एवं सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करते हैं।

    उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह सेवा और एकता का माध्यम भी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है।

    कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत कुमार प्रजापति, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, पुष्पराज सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव मम्मन, नगर अध्यक्ष सरिका सोनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *