जौनपुर, 16 जून 2026। अग्निशमन अधिकारी जौनपुर के नेतृत्व में फायर यूनिट एवं फायर टेंडर के साथ 220 केवी उपकेंद्र, नईगंज में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया एवं आग से सुरक्षा उपायों को परखने के उद्देश्य से किया गया।

मॉकड्रिल के दौरान विद्युत उपकेंद्र में संभावित आगजनी जैसी परिस्थितियों का सजीव प्रदर्शन कर कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को सतर्कता एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। फायर यूनिट ने मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया तथा विभिन्न सुरक्षा उपकरणों के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।

इस दौरान उपकेंद्र के कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में प्राथमिक कार्रवाई, सुरक्षित निकासी व्यवस्था तथा आपातकालीन सूचना प्रणाली के बारे में भी जागरूक किया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने बताया कि ऐसे अभ्यासों का उद्देश्य किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है, जिससे जनहानि एवं संपत्ति की क्षति को कम किया जा सके।

मॉकड्रिल के सफल आयोजन के बाद अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और नियमित रूप से इस प्रकार के अभ्यास करते रहने की सलाह दी।




