जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में चकबंदी विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में चल रही चकबंदी प्रक्रिया, लंबित वादों की स्थिति तथा प्रगति कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी ने अवगत कराया कि जनपद के कुल 91 गांवों में चकबंदी की प्रक्रिया वर्तमान में गतिमान है। इसके साथ ही चकबंदी से संबंधित लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति भी प्रस्तुत की गई। समीक्षा के दौरान यह जानकारी दी गई कि दिलशादपुर, मथुरापुर, नेवढ़िया, पचुरखी देवी प्रसाद, नरायणपुर तथा राजेपुर गोपीपुर गांवों में चकबंदी का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 3 वर्ष एवं 5 वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित गांवों में चौपालों का आयोजन किया जाए, ताकि किसानों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने चकबंदी कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अम्बष्ठ, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी शैलेश कुमार, लालता प्रसाद अहिरवार सहित चकबंदी विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


