जौनपुर। DM सैमुअल पॉल एन. ने गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुफ्तीगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. पटेल अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के समय मेडिकल ऑफिसर डॉ. कमलेश कुमार ने बताया कि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी जनपद मुख्यालय पर बैठक में गए हैं। हालांकि मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जानकारी लेने पर पता चला कि जनपद मुख्यालय पर कोई बैठक आयोजित नहीं थी। इस पर जिलाधिकारी ने गलत जानकारी देने के आरोप में डॉ. कमलेश कुमार से स्पष्टीकरण तलब करने तथा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, मरीजों को समय से भोजन उपलब्ध कराने तथा अस्पताल में बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीबी मरीजों से संवाद कर दवा वितरण एवं उपचार संबंधी जानकारी भी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभी वार्ड एवं परिसर को स्वच्छ रखा जाए तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


