जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक और प्रधानाचार्य शामिल हुए।
बैठक में स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल की समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले में 113 स्कूल वाहनों की फिटनेस फेल है, जबकि 244 वाहन बिना परमिट या समाप्त परमिट के संचालित हो रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को तीन दिन के भीतर सभी दस्तावेज दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि समयसीमा का पालन न होने पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने निर्देश दिया कि सभी स्कूल बसें निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें। प्रत्येक बस में स्पीड लिमिट डिवाइस, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, पीला रंग, आगे-पीछे “विद्यालय बस” और स्कूल का नाम अंकित होना अनिवार्य है। साथ ही वाहन चालक मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
जिला विद्यालय निरीक्षक देवेन्द्र कुमार सिंह ने भी स्पष्ट किया कि जिन विद्यालयों के वाहनों के प्रपत्र निर्धारित समय में सही नहीं कराए जाएंगे, उनके विरुद्ध मान्यता संबंधी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

