जौनपुर। शहर के शेखपुर मोहल्ले की एक गली आज भी बदहाल व्यवस्था की तस्वीर पेश कर रही है। रोडवेज–कचहरी मार्ग पर सोनालिका ट्रैक्टर एजेंसी के पास स्थित इस इलाके में वर्षों से सड़क जर्जर पड़ी है और नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात हो या गर्मी, सड़क पर हमेशा नाली का पानी जमा रहता है। बारिश के दौरान हालात और भी बदतर हो जाते हैं। जगह-जगह कीचड़ और जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार बच्चों की स्कूल ड्रेस तक खराब हो जाती है।
निवासियों का आरोप है कि वर्षों से शिकायतों के बावजूद नगर पालिका और जिला प्रशासन ने इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों का कहना है कि गंदे पानी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण, नालियों की सफाई और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि मोहल्ले के लोगों को इस नारकीय स्थिति से राहत मिल सके।


