जौनपुर, 18 जून। भारत सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 से 21 जून तक चल रहे समेकित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जनपद के प्रेक्षागृह में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में ‘सेल्फी विद पीएम’ सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।

प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’, पूर्व विधायक बाकेलाल सोनकर, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याण योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का अवलोकन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और निःशुल्क राशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

राज्यमंत्री ने जौनपुर में चल रही विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नईगंज एवं जगदीशपुर ओवरब्रिज, सदर क्षेत्र के नए पुल, रिंग रोड परियोजना, जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं, इंदिरा गांधी स्टेडियम का विस्तार तथा चौकियां धाम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान आज जनआंदोलन बन चुका है और वर्ष 2047 तक विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य सभी के सामूहिक प्रयासों से ही पूरा होगा।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि विकास प्रदर्शनी एवं जनकल्याण मेले के माध्यम से आमजन को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान गुड़िया देवी, आर्य, राजवीर यादव एवं अंशिका यादव को पोषण पोटली वितरित की गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत शत्रुघ्न सोनकर एवं सौरभ मिश्रा को पांच-पांच लाख रुपये के सांकेतिक चेक प्रदान किए गए। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत अमन अली एवं शैलेन्द्र निषाद को टूलकिट तथा श्रम विभाग की सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत निर्मला देवी को 85 हजार रुपये का सांकेतिक चेक दिया गया। वहीं कई लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का संचालन रमेश चन्द्र पटेल, ऋचा सिंह एवं शैलेश चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।












