जौनपुर, 18 जून। परिवहन विभाग ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों एवं अनाधिकृत रूप से संचालित बसों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 10 बसों का चालान किया गया, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर तीन बसों को सीज कर संबंधित थानों में खड़ा कराया गया।
एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार के साथ बुधवार देर रात जनपद के विभिन्न मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 50 बसों की जांच की गई।
जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट, प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाली 10 बसों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। वहीं गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर तीन बसों को सीज कर दिया गया।
एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह ने वाहन संचालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


