जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री आवास योजना, जननी सुरक्षा योजना एवं जल जीवन मिशन ग्रामीण सहित उन योजनाओं पर नाराजगी जताई जिनकी प्रगति सी एवं डी श्रेणी में पाई गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं में अपेक्षित सुधार लाने तथा जनपद को ए श्रेणी में लाने के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में फैमिली आईडी कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए बीडीओ खुटहन को प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
उन्होंने आईजीआरएस सहित जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता से वार्ता कर मौके पर निरीक्षण करें तथा संतुष्टि का फीडबैक भी अवश्य लें। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी परमानंद झा, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


