जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाईस्कूल की छात्रा की मौत हो गई। कोचिंग के लिए जा रही छात्रा को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के लिए अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार महराजगंज थाना क्षेत्र के उमरीकला गांव निवासी रामप्रसाद गौतम की 17 वर्षीय पुत्री रौनक गौतम बक्शा थाना क्षेत्र के दक्षिणपट्टी गांव स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह हाईस्कूल की छात्रा थी और रोज की तरह शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे धनियामऊ स्थित कोचिंग संस्थान के लिए निकली थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नेशनल हाईवे-731 पर श्रीनारायण सिन्हा इंटर कॉलेज, सरायहरखू के पास पहुंचते ही वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्रा सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और परिजनों को जानकारी दी।
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल छात्रा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया। हालांकि जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर बक्शा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


