जौनपुर, 16 जून 2026। सद्भावना क्लब की ओर से क्लब अध्यक्ष विवेकानंद मौर्य के पिता स्वर्गीय प्यारेलाल मौर्य की पुण्यतिथि के अवसर पर सैय्यद अलीपुर स्थित वृद्धाश्रम में खाद्य वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से वृद्धजनों की सेवा कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद मौर्य ने की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय प्यारेलाल मौर्य के व्यक्तित्व एवं समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
वक्ताओं ने कहा कि मानव सेवा ही किसी भी दिवंगत आत्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए, जिससे सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को भोजन एवं अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर बुजुर्गों के साथ समय बिताकर उनका कुशलक्षेम भी जाना गया।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष लालजी यादव, मधुसूदन बैंकर, डॉ. अलमदार नज़र, श्रवण साहू, नरसिंह अवतार जायसवाल, हफीज़ शाह, निवर्तमान अध्यक्ष मोहम्मद रज़ा खान, सचिव हर्ष महेश्वरी, कोषाध्यक्ष विनीत गुप्ता, चंद्रेश मौर्य, अधिवक्ता रविकांत जायसवाल, प्रीतेश गुप्ता, ज्ञानेंद्र कुमार मौर्य, वेद प्रकाश मौर्य, सैय्यद नदीम अहमद, अंश मौर्य सहित अनेक गणमान्य सदस्य एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सद्भावना क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


