जौनपुर। महिला थाना स्थित मिशन शक्ति केंद्र की प्रभावी काउंसलिंग से एक पारिवारिक विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान हो गया। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनने के बाद पति-पत्नी ने भविष्य में एक-दूसरे का सम्मान करते हुए साथ रहने का निर्णय लिया।
महिला थाना प्रभारी श्यामा तिवारी ने बताया कि गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मनिहा गोविंदपुर गांव निवासी अर्चना कनौजिया ने अपने पति नरेंद्र कनौजिया, निवासी नेहिया, थाना चोलापुर (जनपद वाराणसी) के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज करने और घर से निकाल देने का आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया था।
शिकायत मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों को रविवार को मिशन शक्ति केंद्र महिला थाना बुलाया गया। महिला थाना प्रभारी श्यामा तिवारी ने दोनों पक्षों की बात धैर्यपूर्वक सुनी और विस्तृत काउंसलिंग के माध्यम से उन्हें आपसी संवाद, समझदारी और विश्वास के साथ विवाद समाप्त करने के लिए प्रेरित किया।
काफी देर तक चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई। पति-पत्नी ने भविष्य में शांतिपूर्ण माहौल में साथ रहने, एक-दूसरे का सम्मान करने और पारिवारिक जीवन को बेहतर बनाने का संकल्प लिया। इसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया।
मिशन शक्ति केंद्र की इस पहल से एक बिखरता परिवार फिर से जुड़ गया। पुलिस ने इसे संवाद और काउंसलिंग के माध्यम से पारिवारिक विवादों के समाधान की सकारात्मक मिसाल बताया।

