• Fri. May 29th, 2026

    अक्सर पति से विवाद के चलते विवाहिता ने उठाया प्राणघातक कदम, मां ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

    Trimurti multi speciality hospital Ad
    Share

    करंजाकला, जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के हमजापुर गांव की एक विवाहिता की बुधवार रात ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार हमजापुर गांव निवासी गुरबिन चौहान ने अपनी 22 वर्षीय पुत्री वंदनी का विवाह दो वर्ष पूर्व गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के तियरी गांव निवासी आकाश से किया था। मृतका की मां ज्ञानमती का आरोप है कि आकाश अपने परिवार के लोगों के कहने पर वंदनी को अक्सर प्रताड़ित करता था।

    बताया गया कि बुधवार शाम करीब तीन बजे ससुराल पक्ष ने वंदनी की तबीयत अचानक खराब होने की सूचना देकर मायके वालों को जौनपुर के एक निजी अस्पताल बुलाया। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो वंदनी की हालत गंभीर बनी हुई थी। देर रात करीब 10 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

    मृतका की बहन नंदिनी ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ना किए जाने के कारण वंदनी की जान गई। वंदनी का छह माह दस दिन का एक पुत्र देवा भी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

    मामले को संदिग्ध मानते हुए मृतका की मां ज्ञानमती ने सरायख्वाजा थाने में सास-ससुर समेत चार अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed