जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने जनपदवासियों से भीषण गर्मी एवं हीट वेव को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिले में तापमान लगभग 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है तथा हीट वेव को लेकर जारी अलर्ट 22 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही लोग घर से बाहर निकलें। बाहर निकलते समय हल्के रंग के सूती एवं शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनें तथा सिर को ढकने के लिए कैप, गमछा या छाते का उपयोग करें। धूप से बचाव के लिए चश्मे का प्रयोग करने की भी सलाह दी गई है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक छायादार एवं ठंडे स्थानों पर रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी न होने दें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। मौसमी फलों का सेवन करने और शरीर को ठंडा रखने वाले उपाय अपनाने की सलाह भी दी गई। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को धूप में बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को तेज सिरदर्द, चक्कर, उल्टी, तेज बुखार या अन्य असामान्य लक्षण महसूस हों तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, सीएचसी, पीएचसी या जिला अस्पताल में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लें।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है तथा जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सतर्क रहने की अपील की है।


