जलालपुर। त्रिलोचन महादेव नहर पुल स्थित चौराहे पर अवैध ऑटो स्टैंड के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पुल पर ऑटो चालक यात्रियों को बैठाने और सवारी के इंतजार में वाहन लंबे समय तक खड़े रखते हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भाऊपुर की ओर से आने वाले वाहनों के चालकों को पुल पर खड़े ऑटो के कारण चौराहे पर मुड़ते समय सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। इससे आमने-सामने टक्कर की आशंका बनी रहती है। व्यस्त समय में कई ऑटो एक साथ खड़े होने से सड़क संकरी हो जाती है और दोपहिया, चारपहिया व भारी वाहनों का आवागमन प्रभावित होता है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस बूथ के ठीक बगल में प्रतिदिन नियमों का उल्लंघन हो रहा है, फिर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। नागरिकों ने प्रशासन से अवैध ऑटो स्टैंड हटाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।


