• Fri. Jun 19th, 2026

    रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर घायल, बस के नीचे फंसा युवक सुरक्षित निकाला गया

    Share

    जौनपुर। बदलापुर विकास खंड के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र स्थित केवटली गांव के पास शुक्रवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। फोरलेन मार्ग पर जा रही रोडवेज बस की चपेट में आने से युवक अनियंत्रित होकर बस के नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फोरलेन मार्ग पर चल रही रोडवेज बस संख्या यूपी-78 एलएन-9497 की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और बस के नीचे फंस गया। घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

    सूचना मिलते ही सिंगरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से घायल युवक को सावधानीपूर्वक बस के नीचे से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तत्काल प्रतापगढ़ जनपद के ढकवा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

    दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए फोरलेन मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया और आवागमन को सामान्य कराया।

    पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक घायल युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने और परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। वहीं, स्थानीय लोगों द्वारा समय रहते घायल को अस्पताल पहुंचाने के प्रयास की सराहना की जा रही है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed