• Fri. Jun 19th, 2026

    पूर्व प्रधान के घर के पास तड़के फायरिंग, बाल-बाल बचे; पड़ोसी पर गोली चलाने का आरोप

    Share

    जौनपुर। पवारा थाना क्षेत्र के जखनिया गांव में शुक्रवार तड़के पूर्व प्रधान श्याम शंकर उर्फ पोड़ई के घर के पास हुई फायरिंग से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना में पूर्व प्रधान बाल-बाल बच गए। उन्होंने अपने पड़ोसी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार, जखनिया गांव निवासी पूर्व प्रधान श्याम शंकर उर्फ पोड़ई पुत्र भगोलू ने पवारा थाने में दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि 18 जून की रात करीब नौ बजे पड़ोसी अजय कुमार पुत्र ओंकारनाथ ने फोन पर उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद शुक्रवार तड़के करीब ढाई बजे आरोपी उनके घर के पास पहुंचा और कथित रूप से जानलेवा इरादे से फायरिंग कर दी।

    श्याम शंकर ने बताया कि सुबह करीब साढ़े तीन बजे गोली चलने की आवाज सुनते ही उन्होंने शोर मचाया और तत्काल घर के अंदर चले गए, जिससे उनकी जान बच गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी जाग गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी।

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल कर रही है, ताकि घटना की वास्तविकता सामने लाई जा सके।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed