जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के कौली गांव में हुई हत्या की घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीशचंद्र यादव शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने मृतक अजय सिंह के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। गांव में अभी भी घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।
विधानसभा मल्हनी क्षेत्र के कौली गांव पहुंचे राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव ने मृतक अजय सिंह के परिजनों से बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
राज्यमंत्री ने संबंधित उच्च अधिकारियों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की और शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने के साथ ही आरोपितों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।
इस दौरान राज्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि न्याय दिलाने के लिए शासन स्तर पर भी आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने इस प्रकार की घटनाओं को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए कहा कि समाज में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।
मौके पर उपजिलाधिकारी सदर योगिता सिंह, बक्शा थाना पुलिस के अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

