बेबी डू डाई डू में सिद्धू के किरदार से तारीफें बटोर रहे अभिनेता रचित सिंह ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक इमोशनल वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश के दर्शकों से खास अपील की है कि वे सिनेमाघरों में जाकर फिल्म को सपोर्ट करें।
बनारस से ताल्लुक रखने वाले रचित ने अपने शहर के लोगों के साथ-साथ लखनऊ, कानपुर और गाजियाबाद के दर्शकों से भी दिल से गुज़ारिश की है। उन्होंने कहा कि अगर फिल्म पसंद आए तो इसे आगे जरूर बढ़ाएं। बेबी डू डाई डू को एक छोटी लेकिन दिल से बनी फिल्म बताते हुए रचित ने कहा कि फिल्म को सीमित शोज़ और मुश्किल टाइमिंग्स के बीच अपनी जगह बनानी पड़ रही है—ऐसे में दर्शकों का साथ बहुत मायने रखता है।
वीडियो शेयर करते हुए रचित ने लिखा, “आप लोगों का प्यार चाहिए और साथ चाहिए। UP वालों, आपके बच्चे की पिक्चर आई है ‘बेबी डू डाई डू’। प्लीज़ जाकर देखिए और अगर अच्छी लगे तो सब तक पहुंचाइए। आप सभी को ढेर सारा प्यार ❤️ हर हर महादेव 🕉️।”
इस वीडियो में रचित साफ कहते नजर आते हैं कि फिल्म को सिर्फ दर्शकों का प्यार और सपोर्ट चाहिए। उनकी ये अपील सिर्फ एक फिल्म के लिए नहीं, बल्कि अपने प्रदेश और अपनी मिट्टी से जुड़े उस खास रिश्ते को भी दिखाती है जिसने उन्हें यहां तक पहुंचाया।
जैसे-जैसे बेबी डू डाई डू सिनेमाघरों में अपनी रफ्तार बनाए हुए है, रचित का ये दिल से निकला संदेश फैंस के दिलों को छू रहा है—और एक छोटी सी गुज़ारिश को बना रहा है अपनेपन और गर्व का जश्न।

