तेजीबाजार (जौनपुर)। तेजीबाजार थाना क्षेत्र के चितौड़ी गांव में सोमवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 48 वर्षीय महिला की कच्ची दीवार के मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, चितौड़ी गांव निवासी मंजू देवी (48) पत्नी जियालाल गौतम सोमवार शाम करीब सात बजे अपने मवेशियों के लिए खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह पास में स्थित एक कच्ची दीवार के सहारे खड़ी हो गईं। तभी तेज हवा और बारिश के कारण दीवार भरभराकर गिर गई और मंजू देवी उसके मलबे में दब गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही तेजीबाजार थाना पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतका मंजू देवी अपने पीछे पति जियालाल गौतम और पांच बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनकी बड़ी बेटी सोनी (23) की शादी हो चुकी है, जबकि पुत्र राहुल कुमार (22), अंजली (17), उमेश कुमार (15) और अरुण कुमार (13) अभी अविवाहित हैं तथा पढ़ाई कर रहे हैं। पति जियालाल गौतम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। थानाध्यक्ष तेजीबाजार सतेंद्र भाई पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

