जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सामुदायिक शौचालयों, आरआरसी, अंत्येष्टि स्थलों एवं डिजिटल विलेज योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने एडीओ पंचायतों को निर्देश दिया कि 25 जून तक सभी सामुदायिक शौचालय पूर्ण रूप से क्रियाशील कर दिए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा तक कार्य पूरा न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में आरआरसी निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने भूमि विवाद एवं तकनीकी बाधाओं को दूर कर कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। अंत्येष्टि स्थलों पर शासन के निर्देशानुसार जनप्रतिनिधियों के शिलापट्ट लगाने तथा डिजिटल लाइब्रेरी के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने डिजिटल विलेज की अवधारणा को मजबूती से लागू करने, सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, डीपीआरओ नवीन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


