जौनपुर। महानिदेशक उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा, लखनऊ के आदेश एवं निर्धारित अभियान के तहत मुख्य अग्निशमन अधिकारी जौनपुर के निर्देशन में बुधवार को वाजिदपुर स्थित उत्सव मोटल की अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण एवं परीक्षण किया गया।
अग्निशमन अधिकारी जौनपुर ने मोटल परिसर में स्थापित अग्निशमन उपकरणों, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास मार्गों तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान उपलब्ध अग्निशमन संसाधनों की कार्यक्षमता का परीक्षण भी किया गया।
अधिकारियों ने होटल प्रबंधन को अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग और आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
अग्निशमन विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न संस्थानों में समय-समय पर ऐसे निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।

