• Fri. Jun 12th, 2026

    कुएं में गिरने से युवक की मौत, दादी की तेरहवीं के दिन परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

    Share

    मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के जोगापुर गांव में गुरुवार देर रात कुएं में गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिवार में कोहराम मच गया।

    जानकारी के अनुसार जोगापुर निवासी ज्वाला सिंह (35) पुत्र दीपक सिंह गुरुवार रात करीब 10 बजे घर से लगभग 50 मीटर दूर स्थित एक कुएं में गिर गए। कुएं में गिरने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

    सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को मृतक की दादी की तेरहवीं का कार्यक्रम आयोजित था। इसी बीच हुई इस दुखद घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

    मृतक ज्वाला सिंह दो भाइयों में बड़े थे और घर पर रहकर रंगाई-पुताई का कार्य करते थे। अपने पीछे वह पत्नी, पुत्र रुद्र और पुत्री वैष्णवी को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed