मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय नगर के खैरुद्दीनगंज (रानीपुर) निवासी एवं विकासखंड रामनगर के भटवार उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत सहायक अध्यापक प्रमोद कुमार पांडेय (51) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात प्रमोद कुमार पांडेय शिवपुर स्थित एक पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान शिवपुर बाईपास के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षक वाहन के नीचे फंस गए और कुछ दूरी तक घिसटते चले गए। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर चालक ने वाहन रोका। स्थानीय लोगों ने उन्हें वाहन के नीचे से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें जौनपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। ट्रॉमा सेंटर पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बोलेरो चालक को वाहन सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रमोद कुमार पांडेय के असामयिक निधन की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं विद्यालय परिवार, शिक्षक समुदाय और क्षेत्रीय लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

