करंजाकला, जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब एक 12 वर्षीय बालक गांव में अचेत अवस्था में मिला। ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना देकर उसे जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, बालक गुरुवार रात एक बारात में शामिल होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान वह शुक्रवार सुबह गांव के एक विद्यालय के पास बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने उसे देखा और तुरंत मौके पर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
चिकित्सकों के अनुसार बालक की स्थिति नाजुक है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और बच्चे के होश में आने का इंतजार कर रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

