
ट्रक के पीछे भिड़ी अपाचे बाइक, एक युवक की मौके पर मौत

दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल, वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर
चंदवक, जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अपाचे बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक बाइक से घर से चंदवक की ओर आ रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक के पीछे उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए बीरीबारी अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।








