
नाबालिग के अपहरण-दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण, दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के मामले में वांछित आरोपी इमरान उर्फ नाटे उर्फ छोटू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ हत्या समेत पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र विक्रम सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विजय कुमार सिंह और पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी इमरान मुनव्वर उर्फ मुन्ना का पुत्र है और तारापुर तकिया, थाना कोतवाली, जौनपुर का निवासी है। जलालपुर पुलिस ने मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे बताया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 में हत्या और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा 2023, 2024 और 2025 में मारपीट, धमकी समेत अन्य आरोपों में मुकदमे दर्ज हैं। मौजूदा मामले में पॉक्सो एक्ट और धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।








