मड़ियाहूं पीजी कॉलेज में रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़

Share

23 कंपनियों के साथ 2,353 अभ्यर्थियों ने किया प्रतिभाग

विधायक डॉ. आरके पटेल ने संस्थापक पं. राजकिशोर तिवारी की स्मृति में स्मारक द्वार बनवाने की घोषणा की

जौनपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय जौनपुर की ओर से मड़ियाहूं पीजी कॉलेज में विधानसभा स्तरीय रोजगार मेला-2026 का भव्य आयोजन किया गया। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 23 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें कुल 2,353 अभ्यर्थियों ने रोजगार के अवसरों के लिए हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता और दक्षता के आधार पर साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मड़ियाहूं विधायक डॉ. आरके पटेल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एसके पाठक ने की। इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी जयप्रकाश पासवान की विशिष्ट उपस्थिति रही। कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय की सांस्कृतिक समिति की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। छात्राओं की ओर से बनाई गई आकर्षक रंगोलियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि विधायक डॉ. आरके पटेल ने अपने संबोधन में युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महाविद्यालय के संस्थापक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित राजकिशोर तिवारी के योगदान को याद करते हुए उनकी स्मृति में महाविद्यालय परिसर में स्मारक द्वार बनवाने की महत्वपूर्ण घोषणा की। विधायक की इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एसके पाठक ने अतिथियों का स्वागत करते हुए जिला सेवायोजन कार्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के लिए जीवन कौशल, व्यावहारिक दक्षता और रोजगारपरक प्रशिक्षण भी बेहद जरूरी है। ऐसे रोजगार मेले युवाओं को सीधे कंपनियों से जुड़ने और अपने भविष्य को नई दिशा देने का अवसर प्रदान करते हैं।

जिला सेवायोजन अधिकारी जयप्रकाश पासवान ने युवाओं को रोजगार के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सरकार की ओर से संचालित रोजगारपरक योजनाओं और रोजगार मेलों का उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता एवं दक्षता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने युवाओं से ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी करने और अपने कौशल को लगातार विकसित करने का आह्वान किया।

रोजगार मेले में अदाणी, सोलर एनर्जी, टाटा, ब्लिंकिट, मारुति सुजुकी, एलायंस रक्षा सिक्योरिटी, निम्सन हर्बल, लर्नर प्राइवेट लिमिटेड, एशियन इलेक्ट्रॉनिक रिक्रूटमेंट कंपनी, श्री गणेश कंसर्ट एंड मैनपावर सर्विस, फ्यूचर ऑर्गेनिक, इंडिया पुखराज हेल्थ केयर और ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया सहित कुल 23 कंपनियों ने सहभागिता की। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया और उनकी योग्यता के आधार पर चयन प्रक्रिया संपन्न की।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला सेवायोजन कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर एसके यादव, जीतलाल मौर्य, एबी त्रिपाठी, अजय विश्वकर्मा, शशिकांत मौर्य, मनीष, सुभाष और विनोद सहित सेवायोजन कार्यालय के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से नियुक्त संयोजक डॉ. जितेंद्र पाल ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच का संचालन सलमान शेख ने किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के उपप्राचार्य प्रो. आंजनेय पाण्डेय, प्रो. अजय वर्मा सहित महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। रोजगार मेला क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। साथ ही इस आयोजन से शैक्षणिक संस्थानों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का अवसर भी मिला।

SHARE THIS ARTICLE
ABOUT AUTHOR
Satyameva Jayate News
Satyameva Jayate News ✓
Satyameva Jayate News के लिए समाचार और विशेष रिपोर्ट प्रकाशित करते हैं।

🌤️ मौसम अपडेट

LIVE
मौसम की ताज़ा जानकारी लोड हो रही है…

🔮 आज का राशिफल

♈

मेष

आज का राशिफल लोड हो रहा है…

यह दैनिक राशिफल सामान्य ज्योतिषीय संकेतों पर आधारित है।

ताज़ा ख़बरें