
रबी सीजन से पहले किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करें अधिकारी : डीएम

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में रबी अभियान 2026-27 की तैयारियों एवं रणनीतियों को लेकर कृषि और संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें किसानों को समय से गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक और कृषि रक्षा रसायन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि रबी सीजन शुरू होने से पहले किसानों की जरूरतों और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि फसलों का अच्छादन, उत्पादन और उत्पादकता निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्राप्त हो सके। उन्होंने बताया कि जनपद में धान खरीद के लिए 161 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। किसान इन केंद्रों पर अपनी उपज बेचकर न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ उठा सकते हैं। खरीद में किसी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर किसान निर्भय होकर प्रशासन को अवगत कराएं।
मड़ियाहूं पीजी कॉलेज में छह नवंबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 50 से अधिक कंपनियां करेंगी प्रतिभागउन्होंने अधिकारियों को फार्मर रजिस्ट्री का कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा नहरों की सिल्ट सफाई समय से कराने के निर्देश दिए। साथ ही सिंचाई के तीनों खंडों को जरूरत के अनुसार शत-प्रतिशत पानी उपलब्ध कराने और नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने को कहा। फसल बीमा योजना के तहत चक्रवात से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए किसानों की समस्याओं का समाधान कराने तथा बीमा कंपनी से क्षतिपूर्ति दिलाने के निर्देश भी दिए।
मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने उप कृषि निदेशक को बीज और उर्वरक की दुकानों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्तायुक्त एवं प्रमाणित सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा।
बैठक में उप कृषि निदेशक डॉ. अश्वनी कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. सीमा सिंह राणा, भूमि संरक्षण अधिकारी कमलजीत सिंह, उप परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. रमेश चंद्र यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और किसान मौजूद रहे।




